Friday, 2 October 2015

महालक्ष्मी व्रत

हिंदू पंचांग के अनुसार, आश्विन मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को महालक्ष्मी व्रत किया जाता है। इस दिन हाथी पर सवार मां लक्ष्मी की पूजा करने का विधान है। इस बार ये व्रत 4 अक्टूबर, रविवार को है। ये दिन लक्ष्मी कृपा पाने के लिए बहुत ही शुभ है, क्योंकि इस दिन किए गए उपाय, टोटके आदि का संपूर्ण फल प्राप्त होता है।
शास्त्रों के अनुसार, वैसे तो मां लक्ष्मी अपने भक्तों पर हमेशा कृपा बनाए रखती हैं, लेकिन कुछ कार्य विशेष करने से मां लक्ष्मी रूठ जाती हैं। आज महालक्ष्मी व्रत के अवसर पर हम आपको ऐसे ही कामों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें करने से माता लक्ष्मी रूठ जाती हैं और जो लोग ये काम करते हैं मां लक्ष्मी ऐसे लोगों को त्याग देती हैं। जानिए कौन से हैं वो 15 काम-

1. वायु पुराण के अनुसार, जो भी व्यक्ति बिना स्नान किए तुलसी के पत्ते तोड़ कर उनके द्वारा देवताओं की पूजा करते हैं। देवता उसकी पूजा स्वीकार नहीं करते और धन की देवी मां लक्ष्मी भी उनसे रूठ जाती हैं। इसलिए स्नान करने के बाद ही तुलसी के पत्ते पूजन या अन्य किसी काम के लिए तोड़ने चाहिए।

2. गुरु की आदर न करने वाले और गुरु की पत्नी पर बुरी नजर रखने वाले व्यक्ति से महालक्ष्मी अति क्रोधित होती हैं और पुराना धन भी समाप्त कर देती हैं।
3. महालक्ष्मी उनका घर तुरंत छोड़ देती हैं, जो अस्वच्छ अवस्था में देवताओं का पूजन करता है। अस्वच्छ अवस्था का अर्थ है बिना दातुन किए, बिना नहाए या अस्वच्छ वस्त्र पहने हुए। साथ ही, पूजन करते समय मन की अवस्था भी स्वच्छ होनी चाहिए यानी मन में किसी प्रकार का दोष नहीं होना चाहिए।

4. जो स्त्रियां बुरे स्वभाव वाली हैं व बड़ों का आदर नहीं करती, दूसरे पुरुषों के बारे में सोचती हैं, गलत व्यवहार करती हैं। उनसे मां लक्ष्मी कभी प्रसन्न नहीं होतीं।

5. यदि कोई व्यक्ति आलसी है और वह धर्म में विश्वास नहीं करता। वह लक्ष्मी की कैसी भी पूजा करे तो भी वह हमेशा धन के अभाव में ही रहता है।

6. जो व्यक्ति घर के सदस्यों में अकारण भेदभाव करता हो, उससे भी मां लक्ष्मी रूठ जाती हैं।
7. देवताओं की पूजा करते समय किसी पर गुस्सा नहीं करना चाहिए। ऐसा करने से मां लक्ष्मी क्रोधित हो जाती हैं और देवता भी ऐसा पूजन स्वीकार नहीं करते। इसलिए शुद्ध मन से पूजन करने से ही देवी लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है।

8. जो व्यक्ति भगवान पर बासी फूल अर्पित करता हो, उसके घर मां लक्ष्मी नहीं जातीं।
9. देवताओं की पूजा करते समय शुद्ध घी का दीपक अपनी बाईं ओर तथा तेल का दीपक अपनी दाहिनी ओर रखना चाहिए। ऐसा करने से मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं और भक्त पर कृपा बनाए रखती हैं।
10. जो व्यक्ति शास्त्रों द्वारा वर्जित दिनों में या शाम के समय स्त्री के साथ सहवास करता है, दिन में सोता है, उसके घर भी लक्ष्मी नहीं जातीं।

11. देवताओं के लिए घी का दीपक जलाने के लिए रूई की सफेद बत्ती और सरसों के तेल का दीपक जलाने के लिए लाल बत्ती का उपयोग करना चाहिए। जो भी इन बातों का ध्यान रखता है, उस पर मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है।

12. कपटी, चोर, बुरे चरित्र वाले व्यक्तियों के घर भी मां लक्ष्मी निवास नहीं करतीं।
13. महालक्ष्मी उन्हें त्याग देती हैं जो सफाई से नहीं रहता, हमेशा गंदे, दुर्गंधयुक्त कपड़े पहनता हो।
14. पराए धन और पराई स्त्री पर बुरी नजर रखने वाले को महालक्ष्मी की कृपा कभी प्राप्त नहीं होती।
15. धर्म ग्रंथों के अनुसार, पूजन में जलाए गए दीपक को कभी भी स्वयं नहीं बुझाना चाहिए। इस बात का विशेष ध्यान रखना चाहिए कि देवता के सामने जलाया गया दीपक दक्षिण दिशा की ओर न रखा गया हो। मां लक्ष्मी ऐसा करने वाले व्यक्ति का घर त्याग देती हैं।

No comments: